ग्रेटर नोएडा: आईटीएस कॉलेज ऑफ हेल्थ एंड वेलनेस साइंस, ग्रेटर नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक महिला आत्मरक्षा क...
ग्रेटर नोएडा:
आईटीएस कॉलेज ऑफ हेल्थ एंड वेलनेस साइंस, ग्रेटर नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक महिला आत्मरक्षा कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला नेशनल मार्शल आर्ट्स अकादमी इंडिया (NMAA India) के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसका संचालन प्रशिक्षक सोनी भारत ने किया।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों में आत्मरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, सतर्कता और आत्मविश्वास बढ़ाने से संबंधित व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में पकड़ से बचाव, सामान्य हमलों से सुरक्षा तथा मानसिक मजबूती विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
प्रशिक्षक सोनी भारत, जो कि नेशनल सेल्फ डिफेंस मिशन (NSDM) की समन्वयक भी हैं, ने बताया कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक शक्ति नहीं बल्कि सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और मानसिक सजगता का समन्वय है।
कॉलेज प्रशासन एवं उपस्थित शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं को न केवल सुरक्षित बनाते हैं बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक भी करते हैं। कार्यशाला के अंत में छात्राओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और आत्मविश्वास में वृद्धि की बात कही।
नेशनल मार्शल आर्ट्स अकादमी इंडिया द्वारा भविष्य में भी इस तरह के महिला आत्मरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम देशभर के शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किए जाते रहेंगे।
