देहरादून। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 1 से 7 नवंबर तक आयोजित विश्व जुजित्सु चैंपियनशिप में भारत की 23 सदस्यीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए...
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने प्रज्ञा की इस उपलब्धि को उत्तराखंड का गौरव बताया। जुजित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निदेशक प्रशासन सतीश जोशी ने जानकारी दी कि प्रज्ञा ने सीनियर महिला 70 किग्रा भार वर्ग में प्रतिभाग किया और असाधारण प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप में भारत ने कुल 4 पदक (2 रजत, 2 कांस्य) जीते हैं।
प्रज्ञा जोशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच सतीश जोशी, जुजित्सु इंडिया के अध्यक्ष विनय कुमार जोशी, तथा अपने माता-पिता के आशीर्वाद को दिया।
प्रज्ञा पिछले 10 वर्षों से जुजित्सु की सक्रिय खिलाड़ी हैं और इससे पहले वह ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया द्वारा वियतनाम में आयोजित 5th Asian Beach Games 2016 में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। प्रज्ञा कराटे में भी एशियन पदक विजेता रह चुकी हैं तथा कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
इसके साथ ही, प्रज्ञा ने खेल कोटे से 9 वर्षों तक उत्तराखंड पुलिस विभाग में सेवा दी, जहाँ उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। वर्ष 2015 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर उन्होंने महिलाओं के लिए आत्मरक्षा व खेल प्रशिक्षण में निरंतर कार्य जारी रखा हुआ है।
प्रज्ञा मूल रूप से रानीखेत (अल्मोड़ा), उत्तराखंड की निवासी हैं और वर्तमान में देहरादून जनपद के ऋषिकेश क्षेत्र में निवास करती हैं।
प्रज्ञा जोशी की इस उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य, जुजित्सु इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कुमार जोशी, महासचिव अमित अरोड़ा, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों और खिलाड़ियों ने बधाई दी।

